आगरा में बल्केश्वर पार्क - महाकाल लोक की तर्ज पर बनेगा ‘शिव लोक’, 8.81 करोड़ से बदलेगी बल्केश्वर पार्क की तस्वीर

  • 74 days ago
  • 169 views


आगरा। ताजनगरी आगरा को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान देने की तैयारी है। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर बल्केश्वर पार्क को भव्य ‘शिव लोक थीम पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 8.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई को परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसके बाद आगरा नगर निगम ने इसकी कार्ययोजना को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है।

यमुना तट के निकट स्थित प्राचीन बल्केश्वर महादेव मंदिर के पास करीब 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में शिव लोक थीम पार्क विकसित किया जाएगा। पार्क के मुख्य आकर्षण के रूप में भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

शिव लोक में श्रद्धालुओं को भगवान शिव के 19 अवतारों और शिव पुराण में वर्णित लीलाओं की झलक देखने को मिलेगी। पार्क के प्रवेश द्वार पर भव्य ‘नंदी द्वार’ बनाया जाएगा, जो इसकी धार्मिक भव्यता को और बढ़ाएगा।

इसके अलावा यहां शिव स्तुति पर आधारित साउंड एंड लाइट शो, रंग-बिरंगे फव्वारे और आकर्षक लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। पार्क को इस तरह तैयार करने की योजना है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिले।

परियोजना को 15वें वित्त आयोग के फंड से विकसित किया जा रहा है। शिव लोक बनने के बाद बल्केश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और परिक्रमा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ विश्राम के लिए भी सुंदर और शांत वातावरण मिल सकेगा।

शिव लोक थीम पार्क को ब्रज क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद आगरा आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को ताजमहल के साथ एक नया धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थल देखने को मिलेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now