आगरा के जीवा ज्वैलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गैंग के 5 आरोपी गिरफ्तार

  • 88 days ago
  • 373 views


आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित फतेहाबाद रोड पर जीवा ज्वैलरी शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ताजगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल और नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 116.3 ग्राम सोना, 1 लाख 18 हजार रुपये नकद, 35 हजार नेपाली मुद्रा, छह मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं और इनका गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली से ट्रेन के जरिए आगरा पहुंचे थे। उन्होंने कई दिनों तक जीवा ज्वैलरी शोरूम की रेकी की और फिर 7-8 जुलाई की रात सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता रहा, जबकि बाकी साथी शोरूम के अंदर चोरी करते रहे।

जांच में यह भी सामने आया है कि यही गिरोह दिल्ली के रोहिणी और प्रीत विहार स्थित जीवा ज्वैलरी शोरूम में भी चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना उमेश शाह है, जिसके खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार दो आरोपियों छोटू और रियाज की तलाश में जुटी है। साथ ही नेपाल कनेक्शन, चोरी के माल की सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now