Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 25 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव! 26 नवंबर को जारी होगा सपा का 'PDA प्रणपत्र', 75 जिलों के लिए अलग घोषणापत्र की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनावी तैयारियों के तहत अपने घोषणापत्र को लेकर बड़ा ऐलान किया है। समाजवादी पार्टी 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। इसे 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम दिया गया है।

खास बात यह है कि समाजवादी पार्टी इस बार अपना घोषणापत्र तीन अलग-अलग श्रेणियों में जारी करेगी। इसमें पहला प्रदेश स्तरीय घोषणापत्र होगा, दूसरा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग स्थानीय घोषणापत्र और तीसरा राजधानी लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र तैयार किया गया है।

महिलाओं, युवाओं और गरीबों पर रहेगा फोकस

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सपा के प्रस्तावित घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने, स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने जैसे वादे शामिल हो सकते हैं।

इसके अलावा गरीबों को बिना कार्ड मुफ्त इलाज, युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून और यश भारती सम्मान को दोबारा शुरू करने जैसे मुद्दे भी घोषणापत्र में शामिल किए जा सकते हैं।

75 जिलों की समस्याओं पर अलग नजर

सपा की इस बार की रणनीति में जिला स्तर के मुद्दों को भी खास जगह दी गई है। प्रत्येक जिले के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें स्थानीय समस्याओं, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और क्षेत्रीय जरूरतों को शामिल किया जाएगा।

वहीं लखनऊ के विशेष घोषणापत्र में ट्रैफिक जाम से राहत, नए फ्लाईओवर, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा जैसे प्रस्ताव शामिल हो सकते हैं।

26 नवंबर को लखनऊ के सेंटरम होटल में दोपहर 3 बजे घोषणापत्र जारी करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में सपा के संस्थापक सदस्य आजम खान की मौजूदगी भी बताई गई है।

अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी का यह PDA प्रणपत्र प्रदेश की राजनीति में क्या चर्चा पैदा करता है।

Previous News

आज होगी बाहुबली अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी,150 पकवान, लाखों मेहमान और घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार कार

Next News

मेरठ होटल कांड में बड़ा एक्शन! युवती को बंधक बनाने और मारपीट के आरोपी सलमान की तलाश तेज, परिजन हिरासत में; होटल मैनेजर से भी पूछताछ