बिहार। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार के साथ होने जा रही है। शादी से पहले ही हल्दी, मेहंदी और तिलक की रस्मों से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इस हाई-प्रोफाइल शादी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि समारोह के लिए करीब 10 से 12 बीघा जमीन में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पूरे गांव को आकर्षक अंदाज में सजाया गया है और जयमाला स्टेज को भी खास तरीके से तैयार किया गया है।
शादी में मेहमानों के लिए खाने का भी खास इंतजाम किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 150 से अधिक तरह के पकवान और मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। इसके लिए सैकड़ों हलवाई और कारीगर जुटे हुए हैं। वहीं, आयोजन से जुड़े दावों के अनुसार 4 से 5 लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
शादी का एक और बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता है। इसमें अलग-अलग जगहों से घोड़े और घुड़सवार पहुंचे हैं। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बुलेट और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी देने की बात कही गई है।
वहीं, हल्दी समारोह के दौरान संगीत और डांस की महफिल भी सजी। अनंत सिंह भी परिवार और मेहमानों के साथ समारोह का आनंद लेते नजर आए। शादी से जुड़े पांच अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें भव्य तैयारियों से लेकर रस्मों तक की झलक देखने को मिल रही है।
फिलहाल अनंत सिंह की बेटी की यह शाही शादी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है।