विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता पंजीकरण कार्य में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार, 24 नवंबर को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील सदर सभागार में समस्त सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सुपरवाइजर अपने क्षेत्र में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें। सभी BLO पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करें।
DM ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।
इसके लिए BLO को घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने और लोगों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वहीं सुपरवाइजरों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर BLO की उपस्थिति और कार्यों की प्रगति का सत्यापन करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने या जिम्मेदारी से काम नहीं करने वाले BLO की सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची को अधिक समावेशी, शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, तहसीलदार सदर अमित त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार सहित सदर क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर मौजूद रहे।