मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में तेज रफ्तार का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गोवर्धन-राधाकुंड-राल रोड पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार काली क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पोल के सहारे आधी हवा में लटक गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है।
सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि काली क्रेटा कार तेज गति से सड़क पर आती है और अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो देता है। इसके बाद कार सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ती है। टक्कर के बाद कार का संतुलन बिगड़ जाता है और वह पोल के सहारे हवा में लटक जाती है। हादसे का दृश्य देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार रही होगी।
गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क से कोई बड़ा वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।
राधाकुंड चौकी इंचार्ज शरद त्यागी के अनुसार, बीती रात करीब 12 बजकर 47 मिनट पर मध्य प्रदेश नंबर की काली क्रेटा कार बिजली के पोल से टकराई थी। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और न ही चौकी पर किसी व्यक्ति की ओर से शिकायत दी गई है।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त कार में कौन सवार था और वाहन चालक कहां है। तेज रफ्तार और लापरवाही का यह मामला एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।