मथुरा। दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही अब अपने-अपने घरों से दूर रहने वाले लोग वापस अपने गंतव्य की ओर लौटने लगे हैं। इसका असर रेलवे स्टेशन के साथ-साथ बस स्टैंडों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मथुरा में जयपुर और भरतपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही और यात्री किसी तरह बस में बैठने के लिए जद्दोजहद करते नजर आ रहे हैं।
आपकी टेलीविजन स्क्रीन पर दिखाई दे रहा यह नजारा मथुरा के नया बस स्टैंड के सामने माल गोदाम रोड का है। यहां से भरतपुर और जयपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसें गुजरती हैं और यात्री यहीं से अपने सफर के लिए बसों में सवार होते हैं।
सोमवार को यहां यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दीपावली के बाद अपने गंतव्य की ओर लौट रहे यात्रियों की संख्या इतनी अधिक थी कि बसों में बैठने के लिए जगह मिलना मुश्किल हो गया। जैसे ही कोई रोडवेज बस पहुंचती, यात्री उसमें सवार होने के लिए दौड़ पड़ते।
भीड़ का आलम यह था कि बस के अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। कई यात्री अपने सामान और छोटे-छोटे बच्चों को खिड़कियों के सहारे बस के अंदर बैठाने का प्रयास करते दिखाई दिए। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनती नजर आई।
जब एक बुजुर्ग यात्री से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वह काफी समय से बसों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन काफी देर बाद एक बस आई और उसमें भी बैठने की जगह नहीं है। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दीपावली के बाद यात्रियों की बढ़ी संख्या के चलते मथुरा से भरतपुर और जयपुर की ओर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अब देखना होगा कि यात्रियों की इस भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाती है या नहीं।