राजस्थान के भीलवाड़ा से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बुखार की दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंची 17 वर्षीय छात्रा प्राची मेहता की इंजेक्शन लगने के बाद तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मेडिकल स्टोर के बाहर जमकर हंगामा किया और आगजनी की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, भीलवाड़ा के सुभाष नगर इलाके में रहने वाली प्राची मेहता पिछले कुछ दिनों से बुखार और सर्दी-जुकाम से परेशान थी। 11 नवंबर को परिजन उसे लव-कुश मेडिकल स्टोर पर दवा दिलाने लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक रामप्रसाद ने दवा देने के बजाय उसे इंजेक्शन लगा दिया।
परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के बाद प्राची के पैर में तेज दर्द शुरू हो गया और वहां सूजन के साथ बड़ी गांठ बन गई। अगले दिन उसकी तबीयत और बिगड़ गई। पहले उसे भीलवाड़ा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद प्राची की जान नहीं बच सकी।
प्राची की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग मेडिकल स्टोर के बाहर इकट्ठा हो गए। आक्रोशित लोगों ने दुकान के शटर में आग लगा दी और तोड़फोड़ की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया।
सुभाष नगर थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। संचालक रामप्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
इस घटना के बाद मेडिकल स्टोर पर बिना योग्य चिकित्सकीय सलाह के इंजेक्शन लगाने और मरीजों का इलाज करने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मेडिकल स्टोर संचालक को मरीजों को इंजेक्शन लगाने और इलाज करने का अधिकार था? इस पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।