मथुरा। मांट-सुरीर मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। भद्रवन स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय 25 वर्षीय गजेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसके भाई ललित और 12 वर्षीय किशोर का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुरीर थाना क्षेत्र के गांव जरारा निवासी गजेंद्र अपने भाई ललित और गांव के ही एक किशोर के साथ शनिवार शाम बाइक से वृंदावन जा रहा था। शाम करीब 6:50 बजे भद्रवन स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने मांट की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की बोलेरो पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में ही गजेंद्र ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल ललित और किशोर का राया स्थित सर्वोदय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतक गजेंद्र वृंदावन में मोमोज की ठेली लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर मांट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल पिकअप वाहन कब्जे में है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।