राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों को इस साजिश में पाकिस्तान कनेक्शन के सुराग मिले हैं। राजस्थान ATS और पुलिस ने पंजाब पुलिस की मदद से गुरदासपुर से एक महिला समेत दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क और विदेशी हैंडलरों की भूमिका की जांच में जुट गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं।
3 नवंबर को हुआ था रेलवे ट्रैक पर धमाका
जानकारी के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर क्षेत्र के गांव 50 जीबी के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट में रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा बन गया था।
बताया गया कि धमाके से करीब 75 मिनट पहले इसी ट्रैक से अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
गिरफ्तार आरोपियों से क्या मिला?
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी महकदीप कौर के पास से दो हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश रची गई थी।
जांच में 'चाचा' और 'शाह' नाम के कथित पाकिस्तानी हैंडलरों का जिक्र भी सामने आया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों को विस्फोटक सामग्री, हथियार और पैसे किसने उपलब्ध कराए थे।
राजस्थान ATS, श्रीगंगानगर पुलिस और पंजाब पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का उद्देश्य इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाना है।