हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदर के आतंक का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां उपायुक्त (DC) कार्यालय परिसर में बैंक में पैसे जमा कराने जा रहे एक व्यक्ति की जेब से बंदर ने 81,800 रुपये का पैकेट निकाल लिया और पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर ने पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए।
अचानक पेड़ से 500 रुपये के नोट गिरते देखकर कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह बिखरता देखकर व्यक्ति परेशान हो गया। उसकी मदद के लिए वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग आगे आए और जमीन पर बिखरे नोटों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया।
काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम वापस मिल गई, लेकिन पीड़ित के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इसके अलावा बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया।
इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों के बढ़ते आतंक को चर्चा में ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर अक्सर राह चलते लोगों से खाने-पीने का सामान और दूसरी चीजें छीनकर भाग जाते हैं।