Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 10 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
केशव धाम में RSS सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया अन्नकूट प्रसादम कार्यक्रम को संबोधित, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन स्थित केशव धाम में अन्नकूट प्रसादम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सभागार में उपस्थित जनसमूह और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता, संगठन और सकारात्मक सोच के महत्व पर अपने विचार रखे।

अपने संबोधन में दत्तात्रेय होसबाले ने केशव धाम में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपने जीवन में सार्थक और समाज के लिए उपयोगी बनें। उन्होंने समाज में एकता और समरसता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने और संगठित रहने की आवश्यकता है। मनुष्यों के बीच बढ़ती नफरत की भावना पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को इस तरह के विखंडन से बचाने के लिए सकारात्मक और संगठित शक्ति का होना आवश्यक है।

उन्होंने भारत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को अपने आचरण और जीवनशैली से ऐसा अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, जिससे संपूर्ण विश्व को मार्गदर्शन मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सभागार में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने केशव धाम परिसर में गोबर से निर्मित गिरिराज महाराज के स्वरूप का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। इस दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक राजेश चौधरी और विधायक पूरन प्रकाश सहित कई गणमान्य नागरिक, स्वयंसेवक एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Previous News

मथुरा में 12 नवंबर से सजेगा लॉयंस प्रीमियर लीग का क्रिकेट रोमांच, चार टीमों के बीच होगा महामुकाबला

Next News

वृंदावन के राधा दामोदर मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की धूम, ठाकुर जी को अर्पित हुआ छप्पन भोग