धर्मनगरी मथुरा में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 नवंबर से लॉयंस प्रीमियर लीग (LPL) 2026 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। लॉयंस क्लब ऑफ मथुरा प्रीमियम द्वारा श्रीवृंदा ग्रुप के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 19 नवंबर तक चलेगी। सभी क्रिकेट मुकाबले पालीखेड़ा स्थित अचीवर ग्राउंड पर प्रतिदिन शाम 7 बजे से खेले जाएंगे।
इस लीग में क्लब के सदस्य चार अलग-अलग टीमों के रूप में मैदान पर उतरेंगे। प्रतियोगिता में मास्टर इलेवन की कमान अमनदास, केएमवी वॉरियर्स की कप्तानी मनीष, बीएस टाइटन्स की कप्तानी केशव और एसआरपी किंग्स की कप्तानी आनंद अग्रवाल संभालेंगे। चारों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इस बार लॉयंस प्रीमियर लीग को खास बनाने के लिए क्रिकेट के अलावा बच्चों और महिलाओं के लिए भी विशेष खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें रस्साकशी, रिले रेस और खो-खो जैसे खेल प्रमुख आकर्षण रहेंगे। आयोजकों का उद्देश्य खेलों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और परिवारों को खेल गतिविधियों से जोड़ना है।
इस आयोजन की कमान क्लब अध्यक्ष देवाशीष अग्रवाल, सचिव लव गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल और MCP शुभांशु अग्रवाल संभाल रहे हैं। क्लब के संस्थापक सचिन इंटीरियर एवं मोहित अग्रवाल हैं। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
आयोजकों ने बताया कि लॉयंस प्रीमियर लीग केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल, मनोरंजन और पारिवारिक सहभागिता का उत्सव है। प्रतियोगिता में शहर के खेल प्रेमियों और आम नागरिकों के लिए प्रवेश खुला रहेगा। शहरवासी अचीवर ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर सकेंगे।