Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 10 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दिवाली पर घर आए राष्ट्रपति के अंगरक्षक को मारी गोली! पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद, सिर में गोली लगने से हालत गंभीर

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीपावली का त्योहार मनाने छुट्टी लेकर घर आए राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ को पटाखे जलाने के विवाद में गोली मार दी गई। गोली उनके सिर में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव की है। राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ वर्ष 2021 में इस पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं। दीपावली मनाने के लिए वह दो दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे।

बताया जा रहा है कि रविवार रात सौरभ अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने पटाखे चलाने को लेकर आपत्ति जताई। देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई और विवाद मारपीट तक पहुंच गया।

परिजनों की शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के कान के पीछे सिर में जा लगी। गोली लगते ही सौरभ जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाइयों के साथ भी मारपीट की गई।

घायल सौरभ को पहले बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी है। हालांकि, उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है और उन्हें ICU में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पिता जनकराज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

दीपावली की खुशियां मनाने घर आए राष्ट्रपति के अंगरक्षक के साथ हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है

Previous News

त्योहारों को लेकर मथुरा-वृंदावन में हाई अलर्ट बांके बिहारी से जन्मभूमि तक पुलिस का सघन चेकिंग अभियान

Next News

मथुरा में 12 नवंबर से सजेगा लॉयंस प्रीमियर लीग का क्रिकेट रोमांच, चार टीमों के बीच होगा महामुकाबला