कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दीपावली की शाम दोस्तों के साथ हजारा नहर पर घूमने पहुंचे बी-फार्मा के छात्र की नहर में डूबने से मौत हो गई। छात्र का शव दूसरे दिन बरामद हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, नगला भूरा निवासी 23 वर्षीय अवनीश पुत्र नारायण सिंह रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ थाना ढोलना क्षेत्र के भगवंतपुर पुल के पास हजारा नहर पहुंचा था। बताया गया कि नहर किनारे मोबाइल से सेल्फी लेते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया।
दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार को भी छात्र की तलाश जारी रही। इस बीच गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नदरई-गोरहा बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। परिजन ने NDRF और SDRF की टीम बुलाकर तलाश कराने की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया गया।
आखिरकार सोमवार को दूसरे दिन अवनीश का शव नहर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि अवनीश अलीगढ़ की मंगलायतन यूनिवर्सिटी से बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों ने उसके दोस्तों की भूमिका को लेकर भी संदेह जताया है। पुलिस ने दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मामले की जांच जारी है।