Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 10 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा उत्सव, इस्कॉन मंदिर में सूजी के हलुए से बनाया अद्भुत गोवर्धन पर्वत

वृंदावन। कान्हा की नगरी धर्मनगरी वृंदावन में पांच दिवसीय दीपावली महोत्सव के अंतर्गत गोवर्धन पूजा का पर्व अन्नकूट महोत्सव के रूप में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। घरों से लेकर मंदिरों तक गोवर्धन पूजा की विशेष धूम देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज का स्वरूप बनाकर पुष्पों से सजाया और विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया। वहीं मंदिरों में खाद्य सामग्रियों से गोवर्धन पर्वत का भव्य स्वरूप तैयार कर प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया गया।

गोवर्धन पूजा का उल्लास केवल ब्रजवासियों में ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से आए विदेशी भक्तों में भी देखने को मिला। सभी श्रद्धालु श्रीगिरिराज महाराज की भक्ति में सराबोर नजर आए। चारों ओर श्रीकृष्ण और गिरिराज महाराज के जयकारे गूंजते रहे।

इस्कॉन मंदिर के नाम से प्रसिद्ध श्रीकृष्ण बलराम मंदिर की गौशाला में ब्रज की प्राचीन परंपरा के अनुसार गोबर से श्रीगोवर्धन महाराज का स्वरूप तैयार किया गया। वहीं उत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए सूजी के हलुए से एक विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया गया। इस विशेष पर्वत को फल-फूल, मोरपंख और 56 प्रकार के व्यंजनों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।

गोवर्धन पर्वत पर दर्शाए गए कुंड और विभिन्न दर्शनीय स्थलों की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इस अद्भुत सजावट को देखने के लिए सुबह से ही देश-विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। भक्तों ने श्रीगोवर्धन महाराज का विधि-विधान से पूजन किया और परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और संकीर्तन की मधुर ध्वनि से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने नृत्य और संकीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर इस्कॉन मंदिर के पदाधिकारी परम दास ने गोवर्धन पूजा के महत्व और मंदिर में आयोजित विशेष उत्सव की जानकारी दी। वहीं विदेशी और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

Previous News

हाथरस में देर रात भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की दर्दनाक मौत! महिला और बच्चे समेत 7 लोग घायल

Next News

दीपावली की शाम दोस्तों के साथ घूमने निकला छात्र नहर में डूबा, तलाश में जुटे रहे गोताखोर, दूसरे दिन मिला शव!