Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 05 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अब कूड़े के ढेर में नहीं फेंकी जाएंगी खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, नगर निगम ने बनाई विशेष टीम

मथुरा। धर्म और आस्था की नगरी मथुरा-वृंदावन में धार्मिक भावनाओं के सम्मान और स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने एक सराहनीय पहल की है। अब पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सड़कों के किनारे, पेड़ों के नीचे, घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस अवस्था में पड़ी मिलने वाली देवी-देवताओं की पुरानी अथवा खंडित प्रतिमाओं को कूड़े के ढेर में नहीं फेंका जाएगा। नगर निगम ने ऐसी प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक एकत्रित करने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण करने के लिए विशेष टीम का गठन किया है।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बताया कि मथुरा-वृंदावन में लंबे समय से यह समस्या सामने आ रही थी कि पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद लोग पुरानी अथवा खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ देते थे। कई बार ये प्रतिमाएं कूड़ा स्थलों तक पहुंच जाती थीं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका रहती थी।

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने विशेष कार्यबल गठित किया है। यह टीम शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ी गई देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को एकत्रित करेगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यमुना किनारे चिह्नित स्थलों पर उनका सम्मानजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि नगर निगम की यह पहल केवल शहर की साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करने और धार्मिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखने का भी प्रयास है। छोटे-छोटे प्रयासों और संवेदनशील सोच से ब्रज की धार्मिक गरिमा को बनाए रखने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

नगर निगम ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुरानी अथवा खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को सड़कों, पेड़ों के नीचे, घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस अवस्था में न छोड़ें। ऐसी प्रतिमाओं के सम्मानजनक निस्तारण के लिए नगर निगम की पहल में सहयोग करें।

नगर निगम का संकल्प है कि जनसहयोग से ब्रज की धार्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाए।

Previous News

बम धमाकों की धमकी के बाद मथुरा जंक्शन का सुरक्षा घेरा सख्त, रेलवे ट्रैक पर पिकेट तैनात

Next News

84 कोस ब्रज क्षेत्र की सीमाओं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र सहित तीन राज्यों को समीक्षा के निर्देश