Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 05 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बम धमाकों की धमकी के बाद मथुरा जंक्शन का सुरक्षा घेरा सख्त, रेलवे ट्रैक पर पिकेट तैनात

मथुरा। खालिस्तानी समर्थकों की ओर से ई-मेल के माध्यम से बम धमाकों की धमकी मिलने के बाद मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन से लेकर रेलवे ट्रैक तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, वहीं स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मथुरा, काशी और अयोध्या के मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसके मद्देनजर मथुरा जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में लगातार चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए भी जीआरपी के जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है।

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि खालिस्तानी समर्थकों की ओर से भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के बाद उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। इसी के तहत मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो-दो पुलिसकर्मियों की पिकेट ड्यूटी लगाई गई है, जो निर्धारित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बिना जांच के किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वाहन पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की जा रही है। लंबी दूरी की ट्रेनों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

धमकी भरे ई-मेल के बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरत रही हैं। स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी की जा रही है।

Previous News

गोवर्धन तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन पर बवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष को धक्के देकर निकाला बाहर

Next News

अब कूड़े के ढेर में नहीं फेंकी जाएंगी खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, नगर निगम ने बनाई विशेष टीम