मथुरा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मथुरा कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
डीएम ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। इसी अतुलनीय योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और ईमानदारी, अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।