वृंदावन। कोतवाली क्षेत्र के जुगल घाट पर पुरानी रंजिश के चलते एक 16 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 19 अक्टूबर को दुकान पर बैठे किशोर कृष्णा पर छोटू और महेंद्र नामक युवकों ने हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में 14 टांके लगाए गए।
परिजनों के अनुसार, किशोर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, दशहरा की छुट्टी के चलते वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर परिजन उसे निजी के.डी. अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।
बुधवार को पीड़ित परिवार वृंदावन कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।