पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन धौलपुर में बुधवार को गरिमामय एवं भावुक श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने देश और राज्य की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह के दौरान पुलिस बैंड की धुन के बीच शस्त्र उलटकर शोक सलामी दी गई। इसके बाद तीन चक्रों में 144 राउंड हवाई फायरिंग कर वीर शहीदों को नमन किया गया। परेड मैदान में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को याद किया।
वीरांगनाओं एवं परिजनों का किया सम्मान
श्रद्धांजलि सभा के पश्चात पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने धौलपुर पुलिस के अमर शहीदों की वीरांगनाओं एवं परिजनों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया गया।
शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
शहीदों का बलिदान पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत : सांगवान
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र का गौरव और पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। जवानों ने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर कर समाज में शांति और सुरक्षा की मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि धौलपुर पुलिस शहीदों के परिवारों के साथ सदैव तत्परता से खड़ी है।
समारोह के अंत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।