Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 21 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा-कासगंज रेल रूट पर ट्रेनों की कमी, यात्रियों को करना पड़ता है घंटों इंतजार

मथुरा। धार्मिक नगरी मथुरा के जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। लेकिन मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर ट्रेनों की कमी के चलते दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की शिकायत है कि सुबह 11 बजे के बाद इस रूट पर ट्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें शाम 6 बजे तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतें होती हैं।

मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर बड़ी संख्या में दैनिक यात्री सफर करते हैं। राया, सोनई, मुरसान, हाथरस और सिकंदराराऊ सहित कई क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह रेल मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद दोपहर के समय ट्रेनों की उपलब्धता कम होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि यदि दोपहर के समय अतिरिक्त ट्रेन का संचालन शुरू किया जाए, तो उन्हें काफी राहत मिल सकती है।

यात्रियों की परेशानी का एक पहलू यह भी है कि कासगंज से मथुरा आने वाली पैसेंजर ट्रेन दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट पर जंक्शन पहुंचती है और इसके बाद रात 8 बजकर 50 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रहती है। ऐसे में यात्रियों का सुझाव है कि इस ट्रेन को लंबे समय तक खड़ा रखने के बजाय परिचालन व्यवस्था के अनुसार कुछ समय के अंतराल पर वापस कासगंज के लिए रवाना किया जा सकता है। इससे दोपहर के समय यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलने की संभावना बन सकती है।

मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर दोपहर के समय अतिरिक्त ट्रेन चलाने की मांग दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही है। यात्रियों का कहना है कि दोपहर करीब 2 या 2:30 बजे ट्रेन का संचालन शुरू होने से इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।

इसी समस्या को लेकर स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने एक बार फिर रेलवे के उच्च अधिकारियों से मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर दोपहर के समय ट्रेन चलाने की अपील की है। अब देखना होगा कि यात्रियों की इस मांग पर रेलवे अधिकारी क्या निर्णय लेते हैं और इस रूट पर सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को कब तक राहत मिल पाती है।

Previous News

बलदेव पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी

Next News

13 सूत्रीय मांगों को लेकर राजकीय नर्सेज संघ का प्रदर्शन, दो घंटे किया कार्य बहिष्कार