मथुरा। अपनी 13 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश का आंदोलन लगातार जारी है। मांगों का समाधान नहीं होने पर बुधवार को मथुरा के महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय में नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान जिला महिला चिकित्सालय का नर्सिंग स्टाफ भी आंदोलन में शामिल रहा। नर्सिंग कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी मांगों का निस्तारण करने की अपील की।
राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश की ओर से अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर 9 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। संघ के अनुसार, लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन और प्रशासन से कई बार अपील की गई, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं मिलने के चलते आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इसी क्रम में बुधवार को प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। मथुरा के जिला चिकित्सालय में भी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि 9 अक्टूबर से कर्मचारी काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। इसके बावजूद मांगों का समाधान नहीं होने पर अब कार्य बहिष्कार का कदम उठाया गया है।
आंदोलन में जिला महिला चिकित्सालय की हेमलता, आरती सहित अन्य नर्सिंग कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं जिला चिकित्सालय से सुनीता यादव, मधु, राजवती और राजेश सहित समस्त नर्सिंग स्टाफ ने सहभागिता की। कर्मचारियों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
अब देखना होगा कि राजकीय नर्सेज संघ की लंबित मांगों को लेकर शासन और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और नर्सिंग कर्मचारियों के आंदोलन का समाधान कब तक निकल पाता है।