Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 21 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बलदेव पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मथुरा पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना बलदेव की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसी घटनाओं की शिकायत के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर संपर्क करने तथा संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए 102, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति पुलिस टीम ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि इस योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने, उनके अधिकारों की जानकारी देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Previous News

सुरीर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

Next News

मथुरा-कासगंज रेल रूट पर ट्रेनों की कमी, यात्रियों को करना पड़ता है घंटों इंतजार