मथुरा के कोसीकलां में संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्कूली बच्चों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी विभाग की ओर से बजरंग विद्या मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को सुरक्षित खान-पान, साफ-सफाई और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी गई।
संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सरल भाषा और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने जंक फूड के नुकसान बताते हुए मौसमी फल, हरी सब्जियां और संतुलित आहार को दैनिक जीवन में शामिल करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सही तरीके से हाथ धोने, नाखूनों और बालों की स्वच्छता बनाए रखने तथा भोजन को ढककर रखने की जानकारी दी गई। साथ ही बासी भोजन से बचने और खाना पकाने व परोसने वाले बर्तनों को साफ रखने के बारे में भी समझाया गया। बच्चों को शारीरिक और मानसिक विकास के लिए योग, खेलकूद और पर्याप्त नींद के महत्व से भी अवगत कराया गया।
यह जागरूकता अभियान होटल मैनेजमेंट विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोग्राम हेड डॉ. कुमार भास्कर के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों के दल को रवाना करने से पहले संस्कृति विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. डी. एस. तोमर और डॉ. श्वेता शर्मा ने हरी झंडी दिखाई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और ऐसे अभियानों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
इस अभियान में विश्वविद्यालय के कुल 33 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इनमें स्टूडेंट काउंसिल और राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान सहायक प्राध्यापक गगन शर्मा, विजय शर्मा, विकास वर्मा और कपिल शर्मा ने विद्यार्थियों का