मथुरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दीनदयाल नगर द्वारा विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को शस्त्र पूजन एवं पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इस दौरान शस्त्र पूजन के साथ नगर में पथ संचलन निकाला गया, जिसका जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं, एक ही परिवार के 11 पुरुष सदस्यों ने स्वयंसेवकों के रूप में सहभागिता कर विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीनदयाल नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में हुआ, जहां सैकड़ों स्वयंसेवक एकत्रित हुए और परम पवित्र भगवा ध्वज का आरोहण किया। इसके बाद संघ के अधिकारियों ने तलवार, छुरिका, भाला, लाठी, बंदूक और रिवॉल्वर सहित विभिन्न शस्त्रों का रोली, चावल एवं पुष्पों से विधि-विधानपूर्वक पूजन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी का पावन पर्व संघ का स्थापना दिवस भी है। आज से 101 वर्ष पूर्व परम पूज्य डॉ. केशवराव हेडगेवार ने अपने कुछ साथियों के साथ नागपुर में संघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि स्थापना के समय एक बीज के रूप में शुरू हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज विशाल वृक्ष का रूप ले चुका है।
उन्होंने विजयादशमी को असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक बताते हुए राष्ट्र को महान बनाने के लिए पांच परिवर्तन अपनाने और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।
शस्त्र पूजन के बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष दल की धुन और ताल के साथ कदम से कदम मिलाकर पथ संचलन किया। हाथों में दंड लेकर निकले स्वयंसेवकों का यह संचलन दीनदयाल नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू हुआ। इसके बाद विकास बाजार, आगरा रोड, होली गेट, छत्ता, विश्राम घाट, प्रयाग घाट, बंगाली घाट और आर्य समाज रोड होते हुए संचलन पुनः होली गेट से शिशु मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन के सबसे पीछे भारत माता की झांकी भी चल रही थी।
पूरे मार्ग पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में रामदास ने गणगीत प्रस्तुत किया, जबकि नैतिक ने प्रार्थना कराई। इसके बाद फूलचंद ने एकल गीत प्रस्तुत किया और रवि ने अमृत वचन किया। कार्यक्रम के मुख्य शिक्षक चिराग रहे तथा मंच परिचय नगर कार्यवाह राजकुमार ने कराया। घोष दल का नेतृत्व यश अग्रवाल ने किया।
शस्त्र पूजन एवं पथ संचलन कार्यक्रम में विभाग प्रचारक पारस पार्थ, शिवकुमार, कमल किशोर, महानगर कार्यवाह विजय बंटा सर्राफ, अखिल, नगर संघचालक बृजेश, नगर कार्यवाह राजकुमार, सह नगर कार्यवाह गौरव, भाग कार्यवाह अजय, सहभाग कार्यवाह मनोज, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर, राजू यादव और भाजपा महानगर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।