मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला सशक्तिकरण और जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी होने पर डरें नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस से शिकायत करें।
इसके साथ ही 1090 वीमेन पावर लाइन और 112 पुलिस आपातकालीन सेवा सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने, साइबर अपराध से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया। अभियान के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस योजना के तहत UPSC, UPPSC, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। पुलिस टीम ने छात्राओं को इस योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।