मनचलों से डरने की जरूरत नहीं! बलदेव पुलिस ने बेटियों को बताया सुरक्षा का रास्ता, अभ्युदय योजना से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की भी दी जानकारी
मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला सशक्तिकरण और जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस से शिकायत करें और जरूरत पड़ने पर 1090 वीमेन पावर लाइन या 112 पुलिस आपातकालीन सेवा की मदद लें। इसके साथ ही 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन समेत विभिन्न जरूरी नंबरों की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील भी की गई।
वहीं, छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके तहत UPSC, UPPSC, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है, ताकि संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।