श्री रामलीला महोत्सव के अंतर्गत भगवान श्री गणेश जी महाराज के भव्य डोले और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। भगवान गणेश जी के मनमोहक फूल बंगले ने विशेष आकर्षण बटोरा।
शोभायात्रा में भगवान विष्णु के बैकुंठ धाम में जय-विजय द्वारपाल, नारद जी द्वारा कामदेव की प्रशंसा और भगवान श्री गणेश जी द्वारा द्वार पर भगवान महादेव को रोकने जैसे पौराणिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों ने श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक भाव से जोड़ दिया।
भगवान श्री गणेश जी महाराज के मुख्य डोले में पूर्व अग्रवाल सभा अध्यक्ष वेद प्रकाश गोयल अपने परिवार के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शोभायात्रा का शुभारंभ रामनगर स्थित तोताराम मंदिर से हुआ। नगर भ्रमण के बाद यात्रा श्री रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्री रामलीला संस्थान के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नारद मोह लीला के मंचन से शुरू हुईं धार्मिक लीलाएं
शोभायात्रा के समापन के बाद श्री रामलीला मैदान में लीला आचार्य एवं निर्देशक सतनारायण पुरोहित के निर्देशन में नारद मोह लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने पौराणिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसी के साथ रामलीला महोत्सव की धार्मिक लीलाओं का शुभारंभ हुआ। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।