Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 06 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
महेंद्र सिंह टिकैत की 93वीं जयंती पर किसान क्रांति यूनियन ने किया श्रद्धासुमन अर्पित, भारत रत्न देने की मांग

मथुरा। भारतीय किसान क्रांति यूनियन के पदाधिकारियों ने मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को मथुरा महानगर के हृदय स्थल होली गेट चौराहा स्थित महानगर कार्यालय पर किसानों के नेता महेंद्र सिंह टिकैत की 93वीं जयंती मनाई। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बाबा महेंद्र सिंह टिकैत अमर रहें” और “जय जवान, जय किसान” के नारे लगाए। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल और बिस्किट वितरित किए। वहीं होली गेट चौराहे पर भी मिष्ठान वितरण किया गया।

इस अवसर पर भारतीय किसान क्रांति यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन होली गेट चौकी प्रभारी सूरजमल को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महेंद्र सिंह टिकैत को भारत रत्न से सम्मानित करने, मथुरा महानगर के किसी प्रमुख चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने तथा उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर केंद्रीय एवं राज्यकीय अवकाश घोषित करने की मांग की गई।

भारतीय किसान क्रांति यूनियन के उत्तर प्रदेश प्रभारी पंडित मानिक शर्मा और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत ने जीवनभर किसानों, गरीबों और मजदूरों के हितों के लिए काम किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए और मथुरा के किसी प्रमुख चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए।

उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत का किसानों के हित में योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा और उनकी जयंती एवं पुण्यतिथि पर अवकाश घोषित करने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गई है।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश सैनी ने भी महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मथुरा भगवानदास तोमर, महानगर अध्यक्ष भरत अग्रवाल, शहर अध्यक्ष तनवीर कुरैशी, उत्तर प्रदेश महासचिव पंडित नरोत्तम लाल पाराशर, जिला सलाहकार प्रयागनाथ चतुर्वेदी, वृंदावन नगर अध्यक्ष विनोद राजपूत, राघव शर्मा, गिर्राज पाराशर, डॉ. महेंद्र शर्मा, विकास निषाद, सोहनलाल निषाद, अशोक निषाद सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous News

प्रथम पहल फाउंडेशन ने अग्रसेन स्वरूपों का किया अभिनंदन; महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलकर समाजहित के कार्यों का लिया संकल्प

Next News

होडल मंडी में धान बेचने जा रहे किसान की सड़क हादसे में मौत