मथुरा। मथुरा के मुकुंद धाम होटल में सोमवार को ‘प्रथम पहल फाउंडेशन’ द्वारा अग्रसेन स्वरूपों का भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक गोवर्धन दास अग्रवाल (नीनू मुकुट वाले) और उपाध्यक्ष हरीश कुमार जैन का महाराजा अग्रसेन के स्वरूप में भव्य स्वागत किया गया।
समारोह का शुभारंभ महामंडलेश्वर नवल गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्था के पदाधिकारियों ने अग्रसेन स्वरूपों को पगड़ी पहनाकर, चांदी का मुकुट और तलवार भेंट कर पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन किया।
महामंडलेश्वर नवल गिरी जी महाराज ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को समानता, सेवा और परस्पर उत्थान का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास सुनिश्चित करना ही महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संस्था के संस्थापक सीए अमित अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रथम पहल फाउंडेशन उनके आदर्शों को धरातल पर उतारने और समाजहित में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संस्था के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल (स्वीटी सुपारी) ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी द्वारा दिखाए गए समरसता और सेवा के मार्ग पर चलना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। समाजसेवा को परम दायित्व मानते हुए संस्था आगे भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
कार्यक्रम में अग्रसेन स्वरूपों के अभिनंदन को समाज की एकता, सेवा और समरसता का प्रतीक बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांत आज भी समाज को एकजुट होकर जरूरतमंदों की सहायता करने और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन निर्वर्तमान महामंत्री योगेश गोयल ने किया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों के साथ शहर के गणमान्य समाजबंधु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।