मथुरा के थाना राया पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज उर्फ मोनू पुत्र हरिओम, निवासी थोक ज्ञान, सोनई, थाना राया को जयपुर-बरेली हाईवे पर कोयल अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में थाना राया में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
विवेचना के दौरान आरोपी मनोज उर्फ मोनू का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस ने आरोपी को कोयल अंडरपास के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कोई बरामदगी नहीं हुई है।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस के मुताबिक उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।