Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 02 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
छेड़खानी से साइबर अपराध तक ,महिला थाने की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को किया जागरूक,बताए बचाव के तरीके

मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर मथुरा पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में महिला थाना मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, महिला अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी तरह की छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में डरने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों अथवा शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर वीमेन पावर लाइन 1090 पर सूचना देने के साथ ही नजदीकी थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

  • 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
  • 1090 – वीमेन पावर लाइन
  • 181 – महिला हेल्पलाइन
  • 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
  • 102 – गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा
  • 108 – एंबुलेंस सेवा
  • 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
  • 101 – अग्निशमन सेवा
  • 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन

पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर अथवा पुलिस से संपर्क करें

Previous News

राया में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Next News

चित्रांश सेवा संस्थान ने मनाई लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती