मथुरा की थाना रिफाइनरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.045 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक (UP84T0254) भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 की रात करीब 11:38 बजे मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 हाईवे पर किआ मोटर्स शोरूम से लगभग 60 मीटर आगे वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक से 2045 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेश (34 वर्ष) निवासी इब्राहिमपुर, थाना महावन, जनपद मथुरा तथा गजेन्द्र (35 वर्ष) निवासी सुल्तानपुर, थाना सहपऊ, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।
रिफाइनरी थाने में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।