मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में बबूल के पेड़ को काटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद शाम होते-होते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि रंजिश से नाराज युवकों ने पीड़ित के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला किया, डंडों से सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित की तहरीर के अनुसार 27 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे मकान के पास खड़े बबूल के पेड़ को काटने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर शाम करीब 7 बजे देवेश, जतिन, सचिन तथा अन्य साथियों ने घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जमकर पथराव किया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रिफाइनरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर 28 सितंबर की रात करीब 1:33 बजे पुलिस टीम ने बरेली हाईवे से कोयला अलीपुर रोड के पास तीन वांछित आरोपियों जतिन (25), सचिन (28) और संस्कार (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जतिन के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और अन्य गंभीर मामलों सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।