प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प यात्रा सोमवार को राजस्थान होते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। मथुरा जनपद के नंदगांव और कोसीकलां में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया, वहीं कोसीकलां में स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही राजस्थान–यूपी सीमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। नंदगांव में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी सहित कई पदाधिकारियों ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
इसके बाद यात्रा कोसीकलां पहुंची, जहां नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल किशोर वाष्णेय, मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन, मंडल उपाध्यक्ष विजय शर्मा तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। सफाई कर लोगों को स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाने का संदेश दिया गया तथा नागरिकों से जनभागीदारी के साथ स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
बताया गया कि वडनगर से शुरू हुई यह सेवा संकल्प यात्रा विभिन्न राज्यों से होकर उत्तर प्रदेश पहुंची है। अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक भागीदारी के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री ओमप्रकाश सैनी, जिला महामंत्री सतपाल चौधरी, कन्हैया लाल गोयल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।