मथुरा/सुरीर। थाना सुरीर पुलिस ने निर्माणाधीन आश्रम से सोलर बैटरी और सोलर प्लेट चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सोलर बैटरी, सोलर प्लेट और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सुरीर विजऊ निवासी होशियार सिंह ने 27 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि तेहरा अंडरपास पुल के पास स्थित निर्माणाधीन आश्रम से सोलर बैटरी और सोलर प्लेट चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सुरीर में मुकदमा संख्या 218/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान राहुल पुत्र टुल्लक उर्फ विजय सिंह (22 वर्ष) निवासी तेहरा, थाना सुरीर को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक सोलर बैटरी, एक सोलर प्लेट तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को रात करीब 9:50 बजे गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवम चाहर कर रहे हैं तथा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।