मथुरा। सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के तहत यमुना एक्सप्रेसवे स्थित मथुरा टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में वाहन चालकों और यात्रियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चालकों को सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ड्राइविंग के समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।
टोल प्लाजा के कैफेटेरिया में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA) के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए, जबकि वीएमएस (Variable Message Sign) पर भी यातायात नियमों का पालन करने के संदेश प्रदर्शित किए गए। परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता बैनर भी लगाए गए।
अभियान के दौरान एंबुलेंस एवं रेस्क्यू टीम ने प्राथमिक उपचार और सीपीआर (CPR) का लाइव प्रदर्शन किया। मथुरा टोल प्लाजा पुलिस चौकी के सहयोग से संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया।
इसके अलावा भारी वाणिज्यिक वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया, ताकि रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा।