मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के पालीखेड़ा निवासी एक किसान ने राजदरबार बिल्डर पर पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने, मकान और मंदिर को जेसीबी से ध्वस्त कराने तथा परिवार के साथ मारपीट कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित लक्ष्मण सिंह का आरोप है कि उनकी पैतृक भूमि से सटी नरसी विहार क्षेत्र में स्थित राजदरबार ग्रुप अपार्टमेंट के कर्मचारियों और कथित बाउंसरों ने 17 जून को जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ पहुंचकर उनकी जमीन पर बनी झोपड़ी, बाउंड्रीवॉल, पेड़-पौधे और मंदिर को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झोपड़ी में आग लगा दी गई।
परिवार का कहना है कि जब उन्होंने विरोध किया तो कर्मचारियों ने महिलाओं के साथ मारपीट और अभद्रता की। साथ ही आरोप लगाया गया कि उनकी बची हुई भूमि खसरा संख्या 238-क पर भी कब्जा करने की धमकी दी जा रही है तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे लक्ष्मण सिंह और उनके बेटे भरत सिंह ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसएसपी श्लोक कुमार ने पीड़ित परिवार को मामले की जांच सीओ रिफाइनरी से कराकर नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है.