थाना गोवर्धन पुलिस ने धर्म परिवर्तन से जुड़े मुकदमे में वांछित एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को सुबह 11:48 बजे पाडल रेलवे अंडरपास, राधाकुंड चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सलमान पुत्र सौदान (40 वर्ष) निवासी मुखराई, थाना गोवर्धन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल (UP 85 CF 5833) बरामद हुई।
चोरी की बाइक भी हुई बरामद
पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल 8 मई 2026 की रात गोवर्धन क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना गोवर्धन में मु.अ.सं. 373/2026 के तहत मुकदमा दर्ज था। विवेचना के दौरान इस चोरी के मामले में सलमान का नाम प्रकाश में आया था।
कई मुकदमों में वांछित है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से ही धर्म परिवर्तन से संबंधित दर्ज मुकदमे सहित कई आपराधिक मामलों में नामजद है। उसके खिलाफ गोवर्धन थाने में आर्म्स एक्ट, चोरी तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध सधर्म परिवर्तन अधिनियम, 2021 के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।
गोवर्धन पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।