जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन तथा मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस के तहत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
हर कार्यक्रम में नए किसानों को मिलेगा अवसर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि विभाग की योजनाओं के अंतर्गत आयोजित होने वाले प्रशिक्षण, प्रदर्शन एवं अन्य कार्यक्रमों में प्रत्येक बार नए किसानों का चयन किया जाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक कृषक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया।
पराली जलाने से बचें किसान
बैठक में डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने किसानों से धान की पराली में आग न लगाने की अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता घटती है तथा लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इससे ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन बढ़ने के साथ सड़क दुर्घटनाओं और खेतों में आग फैलने का खतरा भी रहता है। किसानों से पराली के वैज्ञानिक प्रबंधन के विकल्प अपनाने का आग्रह किया गया।
आधुनिक खेती और दाल उत्पादन पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत किसानों को आधुनिक खेती की तकनीक, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस के तहत दालों के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता, उत्पादकता और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषक एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।