मथुरा/बागपत। जनपद बागपत के बड़ौत स्थित जनता वैदिक कॉलेज में स्वर्गीय चौधरी ब्रजपाल सिंह (सूप) स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की विचार गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मथुरा के जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और फीता काटकर तथा सिक्का उछालकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों से परिचय और राष्ट्र निर्माण में खेलों की भूमिका पर चर्चा के साथ हुई। हजारों की संख्या में पहुंचे कबड्डी प्रेमियों, युवाओं और ग्रामीणों ने प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आनंद लिया, जिससे पूरा परिसर खेल भावना से सराबोर नजर आया।
मुख्य अतिथि किशन चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं और युवाओं को खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान भी किया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए किशन चौधरी ने भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के व्यक्तित्व और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि कृषि, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महान चिंतक थे। उनकी नीतियां आज भी गांव और किसानों के विकास का मार्गदर्शन करती हैं।