थाना सुरीर क्षेत्र में गुरुवार सुबह पशुओं से भरी एक पिकअप बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। भीषण हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, शेरगढ़ निवासी शकील अपने साथी राजा के साथ पिकअप में पशु लादकर अलीगढ़ जा रहा था। सुबह सुरीर-भदनवारा मार्ग पर मरघट के समीप अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क से उतरकर खेत में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने वाहन का शीशा तोड़कर दोनों घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में एक भैंस भी गाड़ी के नीचे दब गई, जिसे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में चालक शकील ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल राजा का उपचार जारी है।