महावन तहसील क्षेत्र के कारब गांव में खाद की दुकान बंद होने से किसानों को सरसों समेत रबी फसलों की बुवाई के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मेसर्स जय दुर्गा खाद भंडार की दुकान खुलवाने और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की।
किसानों का कहना है कि वर्तमान समय सरसों और अन्य फसलों की बुवाई का है, लेकिन क्षेत्र की प्रमुख खाद दुकान बंद होने से उन्हें खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि दुकान से संबंधित शिकायत जिला कृषि अधिकारी के समक्ष की गई थी, जिसके बाद दुकानदार से स्पष्टीकरण भी मांगा गया, लेकिन कोई गंभीर अनियमितता सामने नहीं आने के बावजूद दुकान अब तक बंद है।
ग्रामीणों के अनुसार, खाद वितरण की निर्धारित प्रक्रिया और बिना पहचान पत्र खाद देने की मांग को लेकर किसानों एवं दुकानदार के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों किसान प्रभावित हो रहे हैं।