उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना सदर बाजार की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी अथवा किसी भी प्रकार की उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तुरंत 1090 वीमेन पावर लाइन या निकटतम थाने में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए।
इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सतर्कता के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।
पुलिस ने बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान के दौरान 1076, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 101 और 1930 सहित सभी प्रमुख आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।