जायंट्स ग्रुप ऑफ मथुरा वेस्ट की ओर से सेवा सप्ताह के छठवें दिन कृष्णा नगर स्थित उप्पल नर्सिंग होम में आंखों एवं दांतों के परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष दिनेशचंद्र अग्रवाल ने की।
शिविर में डॉ. विशाल उप्पल ने आंखों तथा डॉ. जयति उप्पल ने दांतों से संबंधित मरीजों का परीक्षण किया। शिविर में सैकड़ों मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ ही जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण भी किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि डॉ. आरके उप्पल का अध्यक्ष दिनेशचंद्र अग्रवाल ने स्मृति चिह्न देकर तथा प्रशासनिक निदेशक संजीव जैन ने पटुका पहनाकर अभिनंदन किया। इसी क्रम में डॉ. विशाल उप्पल का बृजेश सिंघल ने स्मृति चिह्न एवं कार्यक्रम संयोजक भूपेंद्र अग्रवाल ने पटुका पहनाकर सम्मान किया। डॉ. बीना उप्पल का अर्चना अग्रवाल ने स्मृति चिह्न और बबिता जैन ने पटुका पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं डॉ. जयति उप्पल का संगीता सिंघल ने स्मृति चिह्न तथा रेनू चावला ने पटुका पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन सप्ताह संयोजक हर्ष अग्रवाल ने किया। अंत में उपाध्यक्ष राजेश मित्तल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष जगदीश चावला, पूजा, पंकज शर्मा, निधि, जगदीश तोमर, शैली, आशू भाटिया, गुंजन, नवीन अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, रमनलाल गुप्ता, रवि अरोड़ा, अंकित अग्रवाल, अमन शर्मा, नितिन वार्ष्णेय, राजकुमार अरोड़ा एवं नीता मित्तल सहित संस्था के सदस्य मौजूद रहे।