यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जेवर टोल के पास दयानतपुर गांव के निकट दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे बस में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। धुआं फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे दम घुटने और आग की चपेट में आने से नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद कुछ यात्री खिड़कियों और दरवाजों के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत दल मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा बस के फिटनेस, परमिट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर हाल के वर्षों की सबसे दर्दनाक दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है।