उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना बलदेव की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थलों पर छेड़खानी अथवा किसी भी प्रकार की उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तुरंत 1090 वीमेन पावर लाइन या निकटतम थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, साइबर ठगी से बचाव तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी महिलाओं को जागरूक किया गया।
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान के दौरान 1076, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 101 और 1930 सहित सभी प्रमुख आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता की भी विस्तृत जानकारी दी गई।