Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 24 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
स्वामी हरिदास संगीत सम्मेलन का समापन: सुर, ताल और नृत्य से कलाकारों ने दी भावपूर्ण भावांजलि

संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास महाराज के आविर्भाव महोत्सव के उपलक्ष्य में ठाकुर राधा सनेह बिहारी मंदिर में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय स्वामी हरिदास संगीत सम्मेलन का दूसरा दिन शास्त्रीय संगीत, नृत्य और वाद्य प्रस्तुतियों की अनुपम छटा के साथ संपन्न हुआ। देशभर से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वामी हरिदास को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा तथा महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. आदित्यनाथ गिरि महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थाध्यक्ष करण कृष्ण गोस्वामी ने कहा कि स्वामी हरिदास की संगीत साधना भारतीय शास्त्रीय परंपरा की अमूल्य धरोहर है और यह सम्मेलन नई पीढ़ी को उस गौरवशाली विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने संस्था के संस्थापक निकुंजवासी आचार्य अतुल कृष्ण गोस्वामी एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य मूल बिहारी शास्त्री के योगदान का भी स्मरण किया।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत विदुषी वर्मा के भावपूर्ण शास्त्रीय गायन से हुई। इसके बाद प्रसिद्ध नृत्यांगना श्रेयसी गोपीनाथ ने भरतनाट्यम के माध्यम से राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं का सजीव मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं कथक गुरु पंडित राजेंद्र गंगानी की तबले के साथ शानदार जुगलबंदी और कृष्णा प्रसन्ना के मधुर बांसुरी वादन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मानो द्वापर युग की आध्यात्मिक अनुभूति करा दी।

सम्मेलन के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने कलाकारों का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया और स्वामी हरिदास महाराज की संगीत परंपरा को जीवंत बनाए रखने के संकल्प के साथ आयोजन का समापन हुआ।

Previous News

असत्य पर सत्य की विजय का संदेश लेकर निकली भगवान वामन की भव्य शोभायात्रा

Next News

वृंदावन में श्रद्धा और वैदिक परंपरा के साथ मनाया गया स्वामी भगवती शरण देवाचार्य का तिरोभाव महोत्सव