Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 24 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
असत्य पर सत्य की विजय का संदेश लेकर निकली भगवान वामन की भव्य शोभायात्रा

मथुरा में गूंजा ‘जय श्री वामन भगवान’ का जयघोष, पुष्पवर्षा से हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत

मथुरा। धर्मनगरी मथुरा बुधवार को भगवान वामन की भक्ति और सनातन आस्था के रंग में रंगी नजर आई। श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के तत्वावधान में चतुर्थ भगवान वामन शोभायात्रा कुंज बिहारी मंदिर, डीग गेट से पूरे धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर ‘जय श्री वामन भगवान’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

शोभायात्रा का शुभारंभ समिति के संस्थापक श्याम शर्मा, मुख्य संरक्षक रामगोपाल शर्मा, विधायक श्रीकांत शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने भगवान वामन और राजा बलि के चित्रपट का विधिवत पूजन एवं आरती कर किया। इसके बाद सजीव झांकियों, भजन-कीर्तन और अखाड़ों की आकर्षक प्रस्तुतियों के बीच यात्रा नगर भ्रमण पर निकली।

मुख्य संरक्षक रामगोपाल शर्मा ने कहा कि भगवान वामन का अवतार धर्म की स्थापना, अहंकार के अंत और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति की अमूल्य विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं।

विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मथुरा की धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार भी व्यक्त किया।

शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक मनमोहक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें भगवान वामन और राजा बलि की दिव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी। जगह-जगह सामाजिक संगठनों एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

कुंज बिहारी मंदिर, डीग गेट से प्रारंभ हुई यात्रा मंडी रामदास चौक, बाजार स्वामी घाट, छत्ता बाजार होते हुए दाऊजी मंदिर और होली गेट पहुंची, जहां धार्मिक वातावरण के बीच शोभायात्रा का समापन हुआ।

Previous News

3 अक्टूबर से सजेगा रामभक्ति का मंच: मुकुट पूजन के साथ शुरू होगी 21 दिवसीय श्री रामलीला

Next News

स्वामी हरिदास संगीत सम्मेलन का समापन: सुर, ताल और नृत्य से कलाकारों ने दी भावपूर्ण भावांजलि